रहवासी बिल्डिंग में भीषण अग्निकांड, 7 की मौत, 8 घायल

इंदौर: शुक्रवार देर रात विजय नगर थाना क्षेत्र की स्वर्णबाग कॉलोनी स्थित एक तीन मंजिला बिल्डिंग में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि 7 लोगों की झुलसकर मौत हो गई जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कलेक्टर मनीष सिंह ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने भी अग्निकांड में जानमाल की क्षति पर गहरा दुःख जताते हुए मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है।

गाड़ियों में लगी थी आग।

बताया जा रहा है कि बिल्डिंग के बेसमेंट में रखी गाड़ियों में लगी आग देखते ही पूरी बिल्डिंग में फेल गई। लोग गहरी नींद से जागे तबतक दमघोटू धुएं और आग में बुरीतरह घिर चुके थे। स्थानीय लोगों ने आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। झुलसने और दम घुटने से बिल्डिंग में रह रहे 7 लोगों की मौत हो चुकी थी। 8 घायलों को एंबुलेंस के जरिए एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया।
इस भीषण अग्निकांड की खबर सोशल मीडिया के जरिए वायरल होते ही हड़कंप मच गया। पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्रा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम का जायजा लिया। उधर मंत्री तुलसी सिलावट और कलेक्टर मनीष सिंह ने एमवाय अस्पताल जाकर घायलों के हालचाल जाने और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। कलेक्टर मनीष सिंह ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान।

इंदौर में अग्निकांड की खबर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह तक भी पहुंची। उन्होंने 7 लोगों की मौत और 8 के घायल होने पर गहरा दुःख जताया। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 4- 4 लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान किया है। उन्होंने घायलों के समुचित इलाज के भी निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.