बीजेपी के स्थापना दिवस पर फहराया पार्टी का झंडा,निकाली गई रैली, वर्चुअली सुना गया प्रधानमंत्री का सम्बोधन

इंदौर : भारतीय जनता पार्टी का 43 वा स्थापना दिवस बुधवार को देश, प्रदेश के साथ इंदौर में भी हर्षोल्लास से मनाया गया। पार्टी के जावरा कम्पाउण्ड स्थित कार्यालय पर प्रातः 9 बजे पार्टी का झंडा फहराया गया। इसके बाद सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता ढोल नगाड़े व पार्टी के झंडों के साथ भारत माता की जय और भारतीय जनता पार्टी जिन्दाबाद के नारे लगाते हुए शोभा यात्रा के रूप में निकले। शोभा यात्रा का विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण करने के बाद शोभा यात्रा का समापन पार्टी कार्यालय पर किया गया।
यहां बड़ी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सम्बोधन सभी पार्टी नेता व कार्यकर्ताओं ने सुना।

गरीब की गरीबी दूर करने का संकल्प।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन के बाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने मीडियाकर्मियों से चर्चा करते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के समाज के गरीब तबके की सेवा और उसकी गरीबी दूर करने के सपने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में सत्ता व संगठन साकार करने में जुटे हैं। केंद्र सरकार की जनकल्याण कारी योजनाओं का लाभ गरीब व्यक्ति तक पहुंचाने और उसका मनोबल बढ़ाने का अनुरोध पीएम मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कार्यकर्ताओं से किया है। पीएम मोदी ने कहा कि वे खुद भी एक कार्यकर्ता हैं, यह बहुत बड़ी बात है। दुनिया आज भारत की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया का मार्गदर्शन कर रहा है। दुनिया भले ही दो भागों में बंट गई हो पर भारत की अपनी अलग साख है।भारत मानवता के साथ खड़ा है और दुनिया को संदेश दे रहा है कि युद्ध किसी भी समस्या का हल नहीं है। विजयवर्गीय ने कहा कि बीजेपी का आज जो विशाल संगठन खड़ा दिखाई दे रहा है, वह उसके संस्थापक और पूर्ववर्ती नेताओं की अथक मेहनत का परिणाम है।

बीजेपी नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यकर्ताओं को पार्टी के स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ दी और जिम्मेदारी का बोध भी कराया। उन्होंने जनता में बीजेपी के प्रति जो विश्वास कायम हुआ है, उसे और मजबूती देने की भी बात कही।

पार्टी कार्यालय पर दिखा उत्सवी माहौल।

बीजेपी के स्थापना दिवस पर पार्टी कार्यालय में उत्सवी माहौल नजर आया। कार्यालय में रंगोली बनाने के साथ आकर्षक साज सज्जा की गई थी। सभी नेता व कार्यकर्ता केसरिया रंग की भाजपा लिखी टोपियां पहनें हुए थे।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, केबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट, नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, इंदौर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष जयपालसिंह चावड़ा,अनुसूचित जाति वित विकास निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर, वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्णमुरारी मोघे, बाबूसिंह रघुवंशी, विधायक रमेश मेंदोला, आकाश विजयवर्गीय, मालिनी गौड़, महेन्द्र हार्डिया, सुदर्शन गुप्ता, पूर्व महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सूरज कैरो, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रमोद टण्डन, अंजू माखीजा, मुद्रा शास्त्री, विपीन खुजनेरी, हरिनारायण यादव, ज्योति तोमर, कमल बाघेला, सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.